Saturday, August 15, 2026
Uttar Pradesh

मुख्य सचिव से रेलवे के प्रशिक्षु अधिकारियों ने की भेंट

14 अगस्त, 2026 लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल से योजना भवन में इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस (आईआरएमएस) एवं इंडियन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स सर्विस (आईआरपीएफएस) के प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार भेंट की।

मुख्य सचिव ने कहा कि रेलवे देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। भारतीय रेलवे के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिकों को सुरक्षित, सुगम एवं समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध होती है। महाकुंभ जैसे बड़े आयोजनों तथा कोविड-19 महामारी के चुनौतीपूर्ण दौर में भारतीय रेलवे ने देशवासियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के साथ-साथ आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखने में उल्लेखनीय भूमिका निभाई।

मुख्य सचिव ने रेलवे सेवा में चयनित होने पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना की और अपेक्षा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ करें।

इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों से प्रशिक्षण, अनुभव, कार्यक्षेत्र की चुनौतियों तथा सेवाकाल के दौरान आने वाली विभिन्न जिम्मेदारियों के संबंध में संवाद किया और प्रशिक्षु अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव नियोजन आलोक कुमार, प्रमुख स्टाफ ऑफिसर श्रीमती अमृता सोनी, कोर्स डायरेक्टर प्रांजल्य पार्थ लाठे सहित इंडियन रेलवे मैनेजमेंट सर्विस एवं इंडियन रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स सर्विस के प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।