Friday, July 10, 2026
Uttar Pradesh

बाबा विश्वनाथ ने काशीवासियों के लिए खोला ‘काशी द्वार’

9 जुलाई, 2026 वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा काशीवासियों की सुविधा के लिए वर्ष 2024 में द्वार संख्या 4-बी को “काशी द्वार” के रूप में चिन्हित किया गया था, जहाँ पूर्व में प्रतिदिन प्रातः 04:00 से 05:00 बजे तथा सायं 04:00 से 05:00 बजे तक विशेष दर्शन की व्यवस्था थी।

अब मंदिर न्यास द्वारा इस सुविधा का विस्तार करते हुए काशीवासियों के लिए प्रातः 04:15 बजे से रात्रि 10:45 बजे तक (मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से मंदिर बंद होने के 15 मिनट पूर्व तक) इस द्वार से प्रवेश की व्यवस्था कर दी गई है। यह सुविधा विशेष तिथियों एवं पर्व दिवसों पर लागू नहीं होगी।

इस विस्तारित व्यवस्था के प्रथम दिन 08 जुलाई 2026 को कुल 8,688 काशीवासी श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। वहीं 09 जुलाई 2026 को अपराह्न 01:30 बजे तक ही 5,196 काशीवासी श्रद्धालु इस विशेष सुविधा का लाभ उठा चुके हैं।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।