वरिष्ठ नागरिकों हेतु ‘राजस्थान वाहिनी भारत गौरव ट्रेन’ हुई रवाना
4 अगस्त, 2026 जयपुर। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने जयपुर के ढेहर के बालाजी रेलवे स्टेशन से वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना 2026-27 के अंतर्गत वातानुकूलित ‘राजस्थान वाहिनी भारत गौरव ट्रेन’ को हरी झंडी दिखाकर रामेश्वरम के लिए निशुल्क तीर्थयात्रा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों की आस्था, सम्मान और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनकल्याण के संकल्प को निरंतर साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक देश के पावन तीर्थस्थलों के दर्शन कराने के साथ उनकी धार्मिक भावनाओं को सशक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है।
वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना के तहत राज्य सरकार पात्र बुजुर्गों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों की निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध करा रही है, जिससे उन्हें सम्मानजनक एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल सके।
इस सुअवसर पर राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, सहायक आयुक्त प्रथम देवस्थान विभाग रतनलाल योगी, महेंद्र रेवतवाल, ऐजीएम आईआरसीटीसी कीर्ति सिंह, सुनील कुमावत, शिवराज सिंह, सुरेश जांगिड़, देवतुल्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

