पूर्व मंत्री कमल रानी वरूण थी सही मायने में जन नेत्री – डॉ दिनेश शर्मा
2 अगस्त, 2026 कानपुर/लखनऊ। राज्यसभा सांसद एवं यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ दिनेश शर्मा ने कहा कि चुनाव नजदीक आने के साथ ही विपक्ष राम मंदिर और अन्य सनातनी तीर्थस्थलों को बदनाम करने की साजिश कर रहा है। जिन्होने राम मंदिर निर्माण में बाधा डाली एवं भगवान राम के अस्तित्व को चुनौती दी वे आज राम मंदिर को लेकर तमाम बात कर रहे हैं। अपराधिक इतिहास वाले सांसद का संसद परिसर में सनातनी साधु का वेश रखकर राम मंदिर को लेकर स्वांग करना सबसे बडा नाटक है। संसद परिसर में विपक्षी दलो का नाटक सनातन का विरोध और अपमान है। उन्हे पता होना चाहिए कि भाजपा सत्ता के लिए नहीं बल्कि देश को मजबूत बनाने की राजनीति करती है। पार्टी सनातन भारतीय संस्कृति और परंपरा के सम्मान के लिए कार्य कर रही है। लोगों को चुनाव में ऐसे छद्मवेशी लोगों को कडा सबक सिखाना होगा।
घाटमपुर कानपुर में आयोजित विशाल श्रद्धांजलि जन सभा में पूर्व मंत्री स्व कमल रानी वरुण को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए सांसद डॉ शर्मा ने कहा कि सही मायने वे ऐसी जन नेत्री थी जिनका जनता से व्यक्तिगत जुडाव रहता था। हर व्यक्ति को वे बडे सहज भाव से ही जोड लेती थीं। कोरोना से पीडित रहने के दौरान भी लोगो की मदद करते रहना ये बताता है कि वे किस मजबूत व्यक्तित्व की धनी महिला थीं। कोरोना ने उन्हे भले ही हमसे छीन लिया है पर उनके कार्य सभी को जनसेवा की प्रेरणा देते रहेंगे। कोरोना काल में जब विपक्षी दल गायब थे उस समय में भाजपा की मजबूत सिपाही के तौर पर वे जनता की सेवा में जुटी रही। उन्होंने क्षेत्र में कमल को खिलाया और भाजपा के झंडे के साथ ही रही।

उन्होंने कहा कि सनातन दुनिया का प्रचीनतम धर्म है जो लोगों को साथ लेकर चलता है। राम मंदिर में गडबडी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है पर विपक्ष को ये नजर नहीं आ रही क्योंकि उन्हे तो सनातन को बदनाम करना है। लोगों को आगाह करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विपक्ष बांटने की साजिश करेगा पर उनसे सावधान रहना होगा।
सांसद डॉ शर्मा ने कहा कि विपक्ष आज केवल विरोध की राजनीति कर रहा है। विरोध के लिए ये इस हद तक गिर गए है कि संसद में वन्दे मातरम गीत का अपमान रोकने वाले बिल का भी विरोध करते हैं। देश के छात्रो के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए प्रधानमंत्री ने पेपर लीक को रोकने के लिए कठोर कानून बनाया है। विपक्ष ने इसका भी विरोध किया है। कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष ने संसद में तीन वगों का जिक्र करके जहां छात्रों का अपमान किया तो वहीं उनकी बहन ने देश के काबिल शिक्षाविद का सिर्फ इसलिए उपहास किया क्योंकि उन्होंने गौमूत्र की खूबियों पर शानदार कार्य किया है।
डॉ शर्मा ने कहा कि प्रदेश के लोगों ने सीएम योगी के व्यक्तित्व का वह पहलू भी देखा जब उन्होंने पिता को खोने के बाद भी जनता को सुरक्षित करने के दायित्व को पूरा करने को प्राथमिकता दी थी। आज ये जनता का सौभाग्य है कि कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और और सीएम योगी आदित्यनाथ देश-प्रदेश की 24 घंटे सेवा करते हैं इसके विपरीत विपक्षी दल देश प्रदेश को बदनाम करने में लगे रहते हैं।
इस अवसर पर मंत्री राकेश सचान, मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, सांसद अशोक रावत, प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा प्रकाश पाल, क्षेत्रीय अध्यक्ष कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र रामकिशोर साहू, भाजपा अध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान, भाजपा अध्यक्ष दक्षिण राम सिंह, भाजपा अध्यक्ष उत्तर अनिल मिश्रा, भाजपा अध्यक्ष कानपुर देहात श्रीमती रेणुका सचान, सदस्य विधान परिषद अरुण पाठक, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, पूर्व विधायक रघुनंदन भदोरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी, कार्यक्रम संयोजक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती स्वप्निल वरुण, महामंत्री जयप्रकाश कटियार, महामंत्री समरजीत सिंह, महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, महामंत्री अवधेश सोनकर, वरिष्ठ भाजपा नेता आलोक मिश्रा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख बबन शर्मा एवं विजय सोनी आदि उपस्थित रहे।

