प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने बीकानेर हाउस में किया ध्वजारोहण
15 अगस्त, 2026 नई दिल्ली/जयपुर। नई दिल्ली स्थित बीकानेर हाउस परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण एवं हर्षोल्लास के वातावरण में मनाया गया। समारोह में प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान राजस्थान सरकार के दिल्ली स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया। संयुक्त आवासीय आयुक्त श्रीमती रिंकू मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत प्रस्तुत कर समारोह में राष्ट्रभक्ति और उत्साह का संचार किया।
इस अवसर पर प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार ने उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले आर.ए.सी. बटालियन तथा आवासीय आयुक्त कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके समर्पण एवं कार्यनिष्ठा की सराहना की। उन्होंने कहा कि सरकारी दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक अन्य सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के दौरान प्रमुख आवासीय आयुक्त रोहित कुमार सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रकृति एवं पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
समारोह के समापन अवसर पर प्रमुख आवासीय आयुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों, जिम्मेदारियों और प्रतिबद्धताओं को और अधिक मजबूती से निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बीकानेर हाउस परिसर में आज से प्रारंभ हो रहे 10 दिवसीय तीजोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि तीजोत्सव राजस्थान की समृद्ध लोक परंपराओं, कला, संस्कृति और विरासत को राष्ट्रीय राजधानी में प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी के सामूहिक प्रयासों से इस आयोजन को भव्य एवं सफल बनाया जा सकेगा।

