Sunday, August 16, 2026
Uttar Pradesh

मण्डलायुक्त ने ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता सेनानियों का किया सम्मान

15 अगस्त, 2026 कानपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने मण्डलायुक्त कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के पश्चात पुलिस स्क्वाड ने सलामी दी।

समारोह को सम्बोधित करते हुए मण्डलायुक्त ने कहा कि किसी भी देश के निर्माण और विकास के लिए भूमि, जनता और शासन व्यवस्था तीनों का मजबूत होना आवश्यक है। भारत की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विविधता में एकता है। विभिन्न भाषाओं, संस्कृतियों, समुदायों और जीवन-पद्धतियों के बावजूद हम एक राष्ट्र के रूप में एकजुट हैं। इतिहास से हमें सीख मिलती है कि एकता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। स्वतंत्रता संग्राम के महान नेताओं और सेनानियों ने अपने त्याग एवं बलिदान से देश को एकता के सूत्र में बांधकर मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद देश ने अनेक चुनौतियों का सामना किया है। आज भी महंगाई, ऊर्जा, रोजगार और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जैसी चुनौतियां हमारे सामने हैं। इनका सामना आपसी सहयोग और एकजुटता से ही किया जा सकता है।

मण्डलायुक्त ने कहा कि देश की वास्तविक प्रगति तभी होगी, जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति आगे बढ़े। उन्होंने नागरिकों से ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग करते हुए बिजली एवं ईंधन की बचत करने तथा सौर ऊर्जा जैसे वैकल्पिक स्रोतों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही समाज में भाईचारे और सहयोग की भावना मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद की सहायता केवल आर्थिक रूप से ही नहीं, बल्कि उसे समय देकर, उसकी समस्या सुनकर और आवश्यक सहयोग प्रदान करके भी की जा सकती है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्राप्त आजादी का सम्मान करते हुए प्रत्येक नागरिक को देश को आत्मनिर्भर, समृद्ध एवं विकसित बनाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। एकता, भाईचारा, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना ही मजबूत भारत की आधारशिला है।

इस अवसर पर मण्डलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले सेनानियों के परिजनों को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में रविकान्त शुक्ला, पूजा शुक्ला, पवन मिश्रा, अशोक दीक्षित, मनु मिश्रा, मानवेन्द्र गुप्ता, नागेन्द्र सिंह गौतम, अमित गुप्ता, सरोज कुमार दीक्षित, नरेन्द्र कुमार शुक्ला, विनोद कुमार, गौरव दीक्षित, पदम कान्त गुप्ता, नितिन कुमार, अनिल कुमार शुक्ला, दिलीप सिंह बागी, नीलम देवी, कपिल कुमार मिश्रा एवं अखिलेश अवस्थी शामिल रहे।

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कानपुर मण्डल का स्थापना दिवस भी मनाया गया। मण्डलायुक्त ने केक काटकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्थापना दिवस की बधाई दी। कानपुर मण्डल की स्थापना 15 अगस्त, 1988 को हुई थी।

कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन रेनू सिंह, अपर आयुक्त न्यायिक सुशीला, अपर आयुक्त द्वितीय सुरेन्द्र कुमार सहित अन्य मण्डलीय अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।