Friday, August 14, 2026
Uttar Pradesh

राज्यपाल पटेल ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं

14 अगस्त, 2026 लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने स्वतंत्रता दिवस की 79वीं वर्षगांठ के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।

अपने बधाई संदेश में राज्यपाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष, साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिणाम है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों एवं अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका राष्ट्रप्रेम, त्याग और समर्पण आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

राज्यपाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व होने के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने संवैधानिक दायित्वों एवं कर्तव्यों के पुनर्स्मरण का अवसर भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्र की एकता, अखंडता, संप्रभुता तथा लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता, अखंडता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की है।