“मिड डे मील” योजना के रसोइयों को मिला कैशलेस इलाज का तोहफा
23 अगस्त, 2026 कानपुर। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री, रसोइया कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ और रसोइया सम्मान समारोह कार्यक्रम मर्चेंट्स चैंबर, सिविल लाइंस में आयोजित किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और उर्जावान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा निर्देशन में उत्तर प्रदेश सरकार लगातार रसोइयों के सम्मान के लिए प्रयासरत है। पिछले दिनों अनुदेशक और शिक्षामित्रों का मानदेय बढ़ाया गया उसके बाद बेसिक और माध्यमिक शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा योजना से लाभान्वित किया गया अब रसोइयों को कैशलेश चिकित्सा और सामाजिक सुरक्षा बीमा से आच्छादित करते हुए उनका मानदेय और वस्त्र भत्ता भी बढ़ाने की सराहनीय पहल की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी निरंतर निम्न आय वर्ग के उत्थान के बारे में सोचते हैं और कार्य करते हैं।
विधायक अरुण पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने रसोइयों और अन्य निम्न आय वर्ग को छप्पर फाड़ कर लाभांवित किया है। उन्होंने सुझाव दिया कि रसोइयों को पोषण माता कहा जाना बेहतर रहेगा, उनके द्वारा रसोइयों से अपील की गई की वे स्कूल में प्रतिदिन स्वच्छता और सफाई से बच्चों के लिए गुणवत्ता भोजन बनाएं जिससे बच्चों की उपस्थिति बढ़े और उनमें शिक्षा के लिए जागरूकता बढ़े।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने 5 लाख तक का कैशलेश इलाज और 2 लाख के सामाजिक सुरक्षा बीमा की व्यवस्था करके रसोइयों की चिंता दूर कर दी है साथ ही मानदेय में 1000 रुपए और वस्त्र भत्ता में 500 की बढ़ोत्तरी करके रसोइयों की मदद करने का प्रयास किया है जोकि निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक अरुण पाठक, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे0 जैन ने 10-10 रसोइयों को प्रतीकात्मक कार्ड और चेक वितरित किए। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे0 जैन के दिशा निर्देशन में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह के द्वारा कार्यक्रम का भव्य आयोजन कराया गया। योजना का लाभ जनपद के 3405 रसोइयों को होगा। जिला समन्वयक पी0एम0पोषण सौरभ पांडेय, प्रबोध प्रताप सिंह, अनिरुद्ध सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी यास्मीन रहमान, विकास तिवारी, अलका गुप्ता आदि उपस्थित रहे।
इन रसोइयों को वितरित किए गए कार्ड:-
1-घाटमपुर के कंपोजिट स्कूल डिबरी से गणेश शंकर
2-बिल्हौर के प्राइमरी मोहीउद्दीनपुर 2 से रेणु
3-सरसौल के प्राइमरी मोहनखेड़ा से राजेश कुमार
4-कल्याणपुर के प्राइमरी दूल से मंजू
5-बिधनू के प्राइमरी बाजपुर से सुनीता
6-पतारा के प्राइमरी धौकलपुर सिरोह
7-भीतरगांव के प्राइमरी झंडापुर से विमला
8-चौबेपुर के प्राइमरी भाऊवापुर से फूलमती
9-शिवराजपुर के जूनियर सकरवा से जयदेवी
10-ककवन के प्राइमरी उत्तमपुर से सीमादेवी।
तहसील बिल्हौर, घाटमपुर, नरवल और विकासखंड कल्याणपुर आयोजित समानांतर कार्यक्रमों में क्रमशः विधायक राहुल बच्चा सोनकर, विधायक सरोज कुरील, ब्लॉक प्रमुख विजय रत्ना तोमर और प्रतिनिधि विधायक अभिजीत सिंह सांगा और ब्लॉक प्रमुख अनुराधा अवस्थी के द्वारा रसोइयों को सम्मानित किया गया।

