राज्यपाल पटेल ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण
21 जुलाई, 2026 लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय, मेरठ का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विश्वविद्यालय में विकसित की जा रही शैक्षणिक, आवासीय एवं खेल अवसंरचना की प्रगति का अवलोकन करते हुए विश्वविद्यालय के समग्र, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध विकास के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासनिक भवन में विश्वविद्यालय के कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत वी.एस.एम. सेवानिवृतद्ध द्वारा विश्वविद्यालय की प्रगति एवं भावी विकास योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण में विश्वविद्यालय की स्थापना के उद्देश्य, वर्तमान शैक्षणिक गतिविधियों, निर्माण कार्यों की प्रगति, खेल अवसंरचना, प्रस्तावित शैक्षणिक कार्यक्रमों, खेल विज्ञान एवं अनुसंधान सुविधाओं तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग की जानकारी दी गई।
कुलपति ने अवगत कराया कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य उत्कृष्ट खिलाड़ियों के निर्माण के साथ-साथ खेल विज्ञान, खेल चिकित्सा, खेल प्रबंधन, खेल प्रौद्योगिकी, खेल अनुसंधान एवं उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण के क्षेत्र में राष्ट्रीय उत्कृष्टता का केंद्र स्थापित करना है।
विश्वविद्यालय की प्रगति की समीक्षा करते हुए राज्यपाल पटेल ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश में खेल शिक्षा एवं खेल विज्ञान के क्षेत्र में नई संभावनाओं का द्वार खोलने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं अनुसंधान का समन्वय विश्वविद्यालय की विशिष्ट पहचान बनना चाहिए। उन्होंने आधुनिक शिक्षण संसाधनों, स्मार्ट क्लासरूम एवं प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों, अधिष्ठाताओं, प्राध्यापकों एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के मध्य नियमित संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा देने पर भी बल दिया।
स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए राज्यपाल ने खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स मेडिसिन, फिजियोथेरेपी, पुनर्वास एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को चिकित्सा एवं वैज्ञानिक सहयोग एक ही परिसर में उपलब्ध कराया जाना चाहिए। राज्यपाल पटेल ने कॉमन मेस की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के स्वास्थ्य एवं प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए संतुलित पोषण की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।
बालक एवं बालिका छात्रावासों में उच्च गुणवत्ता की सुविधाएं विकसित करने पर बल देते हुए राज्यपाल पटेल ने स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, मनोरंजन एवं अध्ययन संबंधी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। बालिका छात्रावास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्राओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं प्रेरणादायी वातावरण उपलब्ध कराने पर बल दिया। उन्होंने लान्ड्री को कमरों के स्थान पर बाहरी हिस्से में कवर क्षेत्र में विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे कमरों का बेहतर उपयोग हो सके तथा जल निकासी की व्यवस्था भी सुचारु रहे।
विश्वविद्यालय परिसर को पर्यावरण अनुकूल एवं ऊर्जा दक्ष बनाने के लिए राज्यपाल ने सोलर पैनलों की स्थापना तथा नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग पर बल दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत व्यापक वृक्षारोपण कर हरित परिसर विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वेस्ट वाटर के पुनः उपयोग, ऊर्जा दक्षता एवं स्वच्छता को विश्वविद्यालय की संस्थागत संस्कृति का अभिन्न अंग बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रदेश के विद्यालयों में खेल प्रतिभा पहचान कार्यक्रम संचालित करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को विश्वविद्यालय से जोड़ने पर विशेष बल दिया। उन्होंने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने तथा विश्वविद्यालय को खेल शिक्षा एवं खेल विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल ने प्रशासनिक भवन का निरीक्षण करते हुए प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, दक्षता एवं डिजिटल प्रणाली को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं अन्य हितधारकों को सभी सेवाएं सरल, सुगम एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। राज्यपाल ने विश्वास व्यक्त किया कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय आने वाले समय में देश के अग्रणी खेल विश्वविद्यालयों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगा तथा उत्तर प्रदेश को खेल उत्कृष्टता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
विश्वविद्यालय के कुलपति ने कहा कि राज्यपाल का यह निरीक्षण विश्वविद्यालय के समग्र विकास की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी रहा। उनके मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी दिशा-निर्देश विश्वविद्यालय की भावी कार्ययोजना को नई गति प्रदान करेंगे तथा मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को विश्वस्तरीय खेल शिक्षा, खेल विज्ञान, अनुसंधान एवं आधुनिक खेल अवसंरचना के उत्कृष्ट केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल अशोक देसाई, विश्वविद्यालय के कुलसचिव सुनील कुमार झा, सहित विश्वविद्यालय एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

