Saturday, August 8, 2026
Rajasthan

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राजकीय महाविद्यालय में किया युवा मतदाताओं से संवाद

7 अगस्त, 2026 जयपुर। श्री राधा गोविंद राजकीय महाविद्यालय, कंवर नगर, ब्रह्मपुरी, जयपुर में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत युवा मतदाता संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों के अंतर्गत युवा मतदाताओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता जागरूकता तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं मुख्य वक्ता राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान के आयुक्त राजेश्वर सिंह रहे। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, मतदान के अधिकार एवं दायित्व तथा जागरूक मतदाता की भूमिका पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने युवाओं से निष्पक्ष एवं निर्भीक होकर मतदान करने तथा अन्य नागरिकों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय चेतना का बीज जब युवाओं में बोया जाएगा तो निश्चित रूप से भारत में एक सुदृढ़ लोकतंत्र का निर्माण होगा। सभी युवा आने वाले चुनाव में अपने-अपने क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों का व्यक्तित्व, कृतित्व और चरित्र को ध्यान में रखकर उनका चुनाव करें जो आने वाले समय में उनके लिए लोक कल्याणकारी एवं विकासोन्मुख कार्य कर सकें।

उन्होंने कहा कि युवाओं को कभी भी जनप्रतिनिधियों को जाति और धर्म के आधार पर नहीं चुनना चाहिए। एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए हमें निष्पक्ष रूप से जो कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि होने की भूमिका का निर्वाह करते हैं उन्हीं का चुनाव करना चाहिए। जो एक समाजसेवी के रूप में और लोकतंत्र के प्रहरी के रूप में अपनी सार्थक भूमिका निभा सके।

आयुक्त ने लोकतंत्र को सशक्त करने में युवाओं की सर्वाधिक भूमिका बताते हुए आह्वान किया की समस्त युवा अपना शारीरिक और बौद्धिक श्रम समाज और देश को सुदृढ़ बनाने में लगाएं तथा लोकतंत्र में अपनी अहम भूमिका सुनिश्चित करें।

राज्य निर्वाचन आयुक्त द्वारा एक प्रश्नोत्तर सत्र रखा गया जिसमें छात्र-छात्राओं ने आयोग का गठन, आयोग के कार्य एवं भूमिका, महिलाओं में लोकतंत्र की भूमिका, चुनाव में होने वाले खर्च एवं उम्मीदवारों की शिक्षा एवं एवं उम्र तथा छात्र संघ चुनाव और जातिवाद, परिवारवाद इत्यादि की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण प्रश्न किए गए जिनके आयुक्त ने बहुत ही सरल तरीके से उत्तर दिए।

अंत में महाविद्यालय निर्वाचन साक्षरता क्लब की प्रभारी प्रोफेसर नीलम शर्मा ने महाविद्यालय में होने वाले मतदाता जागरूकता अभियान की गतिविधियों जैसे पोस्टर प्रतियोगिता, मतदाता जागरूकता स्लोगन, मतदाता जागरूकता रंगोली इत्यादि से अवगत करवाया।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य प्रोफेसर लोकेश शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु महाविद्यालय के समस्त कर्मचारियों को धन्यवाद दिया तथा राज्य निर्वाचन आयुक्त महोदय का आभार प्रकट किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *