Thursday, August 13, 2026
Uttar Pradesh

राज्यपाल की अध्यक्षता में हुई डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक

12 अगस्त, 2026 अयोध्या/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या में संचालित विभिन्न निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक, खेल, आवासीय एवं आधारभूत ढाँचे से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति पर चर्चा हुई। नवीन परिसर में पर्यावरण संरक्षण, वर्षा जल संचयन एवं भू-जल पुनर्भरण के लिए निर्मित तालाब, ईडीपी भवन के बेसमेंट में जल रिसाव के स्थायी समाधान तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के कार्यों की समीक्षा की गई।

राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में 400 मीटर ट्रैक, इंडोर/आउटडोर स्टेडियम, पीएम-ऊषा के अंतर्गत परीक्षा सह लाइब्रेरी भवन तथा 08 कोर्ट मल्टीपरपज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण की प्रगति जानी। इसके अतिरिक्त स्मार्ट क्लासरूम, स्वामी विवेकानन्द प्रेक्षागृह, पुरुष एवं महिला छात्रावासों के मरम्मत एवं जीर्णोद्धार, स्नातक कक्षागार की मरम्मत तथा आईक्यूएसी भवन के विस्तार की स्थिति की जानकारी ली गई।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण, आधुनिक खेल सुविधाएं, सुदृढ़ आधारभूत संरचना एवं आवश्यक आवासीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी तथा गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखने पर बल दिया।

बैठक में राज्यपाल द्वारा विभिन्न विभागों के आवश्यक उपकरणों एवं सॉफ्ट कम्पोनेंट के क्रय की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को सभी निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों एवं विश्वविद्यालय परिवार को इन सुविधाओं का शीघ्र लाभ मिल सके।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ0 बिजेन्द्र सिंह एवं विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।