कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
15 अगस्त, 2026 कानपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ का सामूहिक गायन किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अमर बलिदानियों के संघर्ष और त्याग का स्मरण कराने के साथ अपने दायित्वों के ईमानदारी से निर्वहन की प्रेरणा देता है। प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें।

समारोह में एक वर्ष के भीतर सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर अपने बच्चों का समस्त निर्धारित टीकाकरण कराने वाले 10 अभिभावकों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी सम्मानित कर उनके परिवारों के योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और कलेक्ट्रेट कर्मचारी उपस्थित रहे।

