Thursday, August 6, 2026
Punjab

अम्बाला मण्डल ने रेल सेवा में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए रेलकर्मियों को किया सम्मानित

6 अगस्त, 2026 अम्बाला। उत्तर रेलवे के अम्बाला मण्डल द्वारा 70वें रेलवे सप्ताह के अवसर पर “रेल सेवा पुरस्कार-2025” समारोह का आयोजन ऑफिसर्स क्लब, रेल विहार, अम्बाला कैंट में किया गया। समारोह में मण्डल रेल प्रबंधक, विनोद भाटिया द्वारा रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, संरक्षा, इंजीनियरिंग, वाणिज्यिक कार्यों तथा अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

समारोह में रेल सेवा पुरस्कार-2025 के लिए अम्बाला मण्डल के विभिन्न विभागों से चयनित 43 रेलकर्मियों को उनके उल्लेखनीय कार्य एवं समर्पित सेवाओं के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। सम्मानित कर्मचारियों में वाणिज्यिक, विद्युत, ट्रैक्शन, मैकेनिकल, इंजीनियरिंग, आरपीएफ, सिग्नल एवं दूरसंचार, सेफ्टी, मेडिकल, ऑपरेटिंग, कार्मिक, राजभाषा, स्पोर्ट्स सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।

इसके अतिरिक्त, अंबाला मंडल को विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2025 के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 10 रनिंग शील्ड भी प्राप्त हुईं। इनमें एकाउंट एवं फाइनेंस मैनेजमेंट शील्ड, वाणिज्यिक शील्ड, बेस्ट मेंटेन माइनर स्टेशन शील्ड, लोकोमोटिव शेड शील्ड, सिविल इंजीनियरिंग (वर्क्स) शील्ड, सिविल इंजीनियरिंग (ट्रैक) शील्ड, राजभाषा शील्ड, टेलीकम्युनिकेशन सिक्योरिटी शील्ड, सिक्योरिटी शील्ड तथा ओवरऑल एफिशिएंट शील्ड फॉर बेस्ट डिवीज़न शामिल हैं।

इन उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मण्डल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलवे की सफलता के पीछे प्रत्येक रेलकर्मी की मेहनत, कर्तव्यनिष्ठा और टीम भावना महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। रेल सेवा पुरस्कार कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ अन्य रेलकर्मियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त रनिंग शील्ड संबंधित शाखा अधिकारियों को प्रदान की गईं। अम्बाला मण्डल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में हासिल की गई ये उपलब्धियां यात्री सेवा, संरक्षा, परिचालन दक्षता एवं कार्य संस्कृति में निरंतर सुधार के प्रति मंडल की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

अम्बाला मण्डल रेल प्रशासन ने सभी पुरस्कार विजेताओं एवं संबंधित विभागों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी समर्पण और उत्कृष्टता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।