Thursday, August 20, 2026
NationalRajasthanSports

एशियाई यूथ हैंडबॉल में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे राजस्थान के मानवेन्द्र

19 अगस्त, 2026 जयपुर।  अम्मान (जॉर्डन) में 20 से 31 अगस्त तक होने वाली 11वीं एशियाई पुरुष यूथ हैंडबॉल चैंपियनशिप में भाग लेने के लिये भारतीय टीम बुधवार को जॉर्डन रवाना हो गई। इस टीम में राजस्थान के मानवेन्द्र सिंह का चयन हुआ है।

राजस्थान राज्य हैंडबॉल संघ के मानद सचिव यश प्रताप सिंह ने बताया कि भारतीय टीम में पीवट पोजीशन पर चयनित मानवेन्द्र सिंह जोधपुर के भालासरिया गाँव का है तथा गत वर्ष से राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद द्वारा जैसलमेर में संचालित बालक हैंडबॉल अकादमी का खिलाड़ी है।

उन्होंने बताया कि भारतीय टीम का प्रशिक्षण शिविर 22 जुलाई से 18 अगस्त तक अलीगढ़ स्थित पावना स्पोर्ट्स फाउंडेशन के इंडोर हैंडबॉल स्टेडियम में लगाया गया था।

पावना स्पोर्ट्स फाउंडेशन की गोल्डन ईगल हैंडबॉल अकैडमी के लिए अनुबंधित विदेशी कोच पुर्तगाल के फर्नांडो नुएनस भारतीय टीम के कोच के रूप में गए है। अन्य प्रशिक्षकों में पी. कीर्ति वेंकटेश (गोल्डन ईगल-अलीगढ़), मोहम्मद तौहीद (उत्तर प्रदेश), नवीन मलिक (इंडियन रेलवे) है।

मानवेंद्र सिंह के चयन पर राज्य हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष ललित कुमार कलाल, मानद सचिव यश प्रताप सिंह सहित समस्त कार्यकारिणी ने बधाई एवं शुभकामनाए देते हुए कामना की कि राजस्थान का यह युवा खिलाड़ी एशियाई चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *