Saturday, August 15, 2026
Uttar Pradesh

तिरंगा कंसर्ट में “भारत माता की जय” उद्घोष से गूँजा नानाराव पार्क

14 अगस्त, 2026 कानपुर। हाथों में तिरंगा, जुबां पर वंदे मातरम् और दिलों में देशभक्ति का जज्बा। फूलबाग स्थित नानाराव पार्क में कुछ ऐसा ही वातावरण दिखाई दिया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित तिरंगा कंसर्ट में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लघु नाटक और ओजपूर्ण कविताओं ने लोगों को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों पर लोग झूम उठे और पूरा परिसर भारत माता की जय के उद्घोष से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ वीर बलिदानियों के परिजनों की अगुवाई में सेना के जवानों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नायशा अरोड़ा ने सितार पर स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की संगीतमय शुरुआत की।

ओंकारेश्वर विद्या निकेतन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने राष्ट्रगीत वंदे मातरम् पर भरतनाट्यम आधारित मनमोहक प्रस्तुति दी। लय, भाव और देशभक्ति के अद्भुत संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुति समाप्त होते ही पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा। तरंग सेवा संस्थान के कलाकारों ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से आजादी के संघर्ष को जीवंत किया। कलाकारों ने संदेश दिया कि असंख्य बलिदानों से मिली स्वतंत्रता को सुरक्षित और सशक्त बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

कवि सम्मेलन में मुकेश श्रीवास्तव, बृजेंद्र प्रताप सिंह और मनीष मीत ने अपनी ओजपूर्ण रचनाओं से देशभक्ति की अलख जगाई। वीर रस से भरी कविताओं ने कभी दर्शकों में जोश भरा तो कभी बलिदानियों की स्मृतियों ने लोगों को भावुक कर दिया।

कंसर्ट का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब स्कूली छात्र-छात्राओं ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले सैनिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए अपने हाथों से लिखे पत्र सेना के जवानों को सौंपे। बच्चों की भावनाओं से भरे इन पत्रों ने जवानों के साथ दर्शकों को भी भावविभोर कर दिया।

विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराता है। विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सैनिकों के त्याग व बलिदान के कारण ही हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं। नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

विधायक नीलिमा कटियार, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्वतंत्रता आंदोलन में देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को भी अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन हिना श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, परियोजना निदेशक डीआरडीए आलोक कुमार सिंह, एडीआईओएस प्रशांत द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।