राज्यपाल पटेल ने अयोध्या धाम में आंगनबाड़ी केंद्रों का किया उद्घाटन
12 अगस्त, 2026 लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या धाम के महात्मा गांधी वार्ड में आयोजित कार्यक्रम में अयोध्या धाम के 15 वार्डों में नवनिर्मित 30 आंगनबाड़ी केंद्रों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की तथा उन्हें फल, मिष्ठान, चॉकलेट एवं टोपियां भेंट कीं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के रसोईघर सहित अन्य व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया तथा बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से समय पर आंगनबाड़ी केंद्र भेजें। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों के बच्चों को शिक्षा, पोषण एवं संस्कार प्राप्त करने का अवसर मिलता है। राज्यपाल ने कहा कि प्रत्येक बच्चा किसी न किसी विशेष गुण से संपन्न होता है। आवश्यकता केवल उन गुणों को पहचानने, उन्हें उचित दिशा देने और निखारने की है।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण एवं विकास से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। बच्चों ने राज्यपाल के समक्ष वंदे मातरम् एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए तथा योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। राज्यपाल जी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अयोध्या, शशांक त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, डॉ0 राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ0 बिजेन्द्र सिंह, जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

