Monday, August 10, 2026
Uttar Pradesh

छह जिलों में आयोजित होंगी “अग्निवीर” भर्ती रैलियां – मुख्य सचिव

10 अगस्त, 2026 लखनऊ। मुख्य सचिव एस.पी. गोयल की अध्यक्षता में प्रदेश में आयोजित होने वाली अग्निवीर भर्ती रैलियों की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों एवं जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अग्निवीर भर्ती की यह तीसरी रैली आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में युवा अभ्यर्थियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने कहा कि भर्ती स्थलों पर आवागमन, ठहरने, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं यातायात प्रबंधन की पर्याप्त एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अभ्यर्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं की समय से समीक्षा कर आवश्यक कमियों को दूर किया जाए।

मुख्य सचिव ने आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में चिकित्सकीय एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारी आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

बैठक में बताया गया कि मेरठ में 17 अगस्त से 9 सितंबर 2026, बरेली में 14 सितंबर से 30 सितंबर 2026, लखनऊ में 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027, वाराणसी में 2 फरवरी से 27 फरवरी 2027, आगरा में 4 मार्च से 24 मार्च 2027 तथा अयोध्या में 29 मार्च से 14 अप्रैल 2027 तक अग्निवीर भर्ती रैलियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में सचिव सामान्य प्रशासन अभिषेक प्रकाश, पुलिस कमिश्नर लखनऊ तरुण गाबा सहित भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बरेली, लखनऊ, वाराणसी, आगरा, अयोध्या एवं मेरठ के जिलाधिकारी भी बैठक में सम्मिलित हुए।