श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रावण मास-2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन की बैठक हुई संपन्न
7 जुलाई, 2026 वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित सभागार (बोर्ड रूम) मे आगामी श्रावण मास -2026 के दृष्टिगत धाम मे बाबा विश्वनाथ के दर्शनार्थ आने वाले श्रद्धालुओं हेतु प्रदान की जाने वाली समस्त सुविधाओं के संबंध में आयुक्त, वराणसी मण्डल एस राजलिंगम तथा पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट, वाराणसी, मोहित अग्रवाल की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। ध्यातव्य है की इस वर्ष श्रावण मास का समय काल दिनांक 30-07-2026 से प्रारंभ होकर 28-08-2026 (रक्षाबंधन) तक होगा।
श्रावण मास की बैठक में जिलाधिकारी, वाराणसी, सत्येन्द्र कुमार, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, श्री का०वि०मं० न्यास, विश्व भूषण, डिप्टी कलेक्टर, शम्भू शरण, नायब तहसीलदार, मिनी एल शेखर, पुलिस उपायुक्त, सुरक्षा एवं अभिसूचना, कमिश्नरेट वाराणसी, अपर पुलिस उपायुक्त, सुरक्षा, कमिश्नरेट वाराणसी, अपर जिलाधिकारी, नगर, वाराणसी, कमाण्डेन्ट, 95वीं बटालियन, सी०आर०पी०एफ०, वाराणसी, कमाण्डेन्ट, 11वीं बटालियन, एन०डी०आर०एफ०, वाराणसी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, वाराणसी, वरिष्ठ अधिकारी सी०आर०पी०एफ० संबंधित सहायक पुलिस आयुक्त व अन्य पी०ए०सी० के अधिकारीगण, व न्यास के समस्त संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

आज की बैठक में धाम में श्रद्धालुओं को प्रदान की जाने वाली समस्त मूलभूत सुविधाओं यथा धाम में पेय जल की उपलब्धता, चिकित्सकीय प्रबंधन, भीड प्रबंधन, पी०ए० सिस्टम, दर्शनार्थियों हेतु सुचारू दर्शन व्यवस्था, वृद्ध/अशक्त/दिव्यांग जनों हेतु ई-रिक्शा सञ्चालन, पार्किंग व्यवस्था, सम्पूर्ण धाम की साफ-सफाई, सुरक्षा आदि व्यवस्थाओं को व्यापक स्तर पर लागू करने हेतु समस्त विभागों को आपस में समन्वय स्थापित कर प्रभावी तौर पर सुनिश्चित कराये जाने हेतु आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया। धाम में सुरक्षा के दृष्टिगत समस्त बिजली के उपकरणों, सी०सी०टी०वी० के सुचारू संचालन, संबंधी व्यवस्थाओं को पूर्ण कराने हेतु भी निर्देशित किया गया I धाम के बहार गलियों में लटकते हुए बिजली के तारों को बाँध कर ऊपर कराये जाने के लिए निर्देश दिया गया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन द्वारा धाम में दर्शनार्थियों के आवभगत हेतु समस्त तैयारियां पूर्ण की जा रही हैं। पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष जिग जैग रेलिंग में ऊपर एवं नीचे दोनो तरफ बैरिकेड लॉग बंधवा कर भीड़ के दबाव को और अधिक रोकने की व्यवस्था भी की जा रही है। धाम परिसर में पंक्तिबद्ध श्रद्धालुओं हेतु इंडस्ट्रियल एयर कूलर के माध्यम से उमस एवं गर्मी से राहत दिलाने की भी व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त नियमित अंतराल पर संपूर्ण धाम क्षेत्र में शीतल पेय जल की व्यवस्था रहेगी तथा साथ ही चिकित्सकीय प्रबंध एवं ओआरएस की व्यवस्था भी की गई है। काशी वासियों के लिए श्रावण सोमवार तथा पर्व दिवसों के अतिरिक्त प्रतिदिन सुबह 4 बजे से 5 बजे व शाम 4 से 5 झॉकी दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। वे दर्शनार्थी जो किंचित कारणों से धाम पहुचने में सक्षम नही है उनके लिए पवित्र सावन माह पर श्री काशी विश्वनाथ महादेव के दर्शन-पूजन के लाइव दर्शन कि सुविधा भी उपलब्ध होगी I लाइव दर्शन को मंदिर न्यास की वेबसाइट, मंदिर न्यास के आधिकारिक यू- ट्यूब चैनल एवं आधिकारिक प्रसारण साझीदार टाटा स्काई के प्लेटफार्म से स्ट्रीम किया जायेगा I विगत वर्षों में श्रावण माह में श्रावण सोमवार के दिन अत्यधिक रही है अतः अनुमान है कि इस वर्ष भी दर्शनार्थियों की अधिकतम भीड़ होने की संभावना है। इसके दृष्टिगत श्रद्धालुओं के लिए विशेष अपील जारी करने के निर्देश मंदिर प्रशासन को दिए गए हैं कि श्रद्धालु खाली पेट कतार में न लगें, क्योंकि अधिक भीड़ के कारण दर्शन में अपेक्षाकृत अधिक समय लग सकता है, जिससे स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। साथ ही यह भी निर्देशित किया गया है कि धाम में प्रवेश करने से पूर्व श्रद्धालु प्रशासन द्वारा प्रतिबंधित वस्तुएं, यथा- डिजिटल घडी(स्मार्ट वाच), मोबाइल, ईयरफ़ोन, तम्बाखू एवं नशे की वस्तुए, कास्मेटिक, बड़े बैग व् अन्य किसी भी प्रकार की ऐसी वस्तुएं जिनका धाम परिसर में ले जाना वर्जित है,साथ लेकर कतार में न लगें अपितु अपने ठहरने के स्थान होटल, घर में यह वस्तुएं छोड़ कर दर्शन हेतु आएं अन्यथा की असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इन नियमों का पालन कर श्रद्धालु प्रशासन को सहयोग प्रदान करें, ताकि दर्शन की प्रक्रिया सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सहज रूप से सम्पन्न हो सके।
- प्रवेश हेतु मार्ग श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रमुख प्रवेश द्वार हैं:-
(1) गेट नं. 04
(2) काशी द्वार मार्ग 4B
(3) नंदू फेरिया प्रवेश मार्ग
(4) सिल्को प्रवेश मार्ग
(5) ढुंढिराज प्रवेश मार्ग
(6) सरस्वती फाटक प्रवेश मार्ग
(7) भैरव द्वार प्रवेश मार्ग (श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट की तरफ से)
धाम में इन समस्त द्वारों से दर्शनार्थियों हेतु प्रवेश मार्ग निहित रहता है, किंतु गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट से श्रद्धालुओं का प्रवेश अस्थायी रूप से प्रतिबंधित किया जा सकता है।
2- श्रावण मास में संपादित होने वाली आरतियों के सम्बन्ध में इस वर्ष श्रावण मास में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनमें प्रत्येक सोमवार को बाबा विश्वनाथ का विभिन्न श्रृंगार किया जाएगा:- 03-08-2026 (प्रथम सोमवार): श्री शंकर स्वरुप श्रृंगार 10-08-2026 (द्वितीय सोमवार): गौरी-शंकर (शंकर-पार्वती) श्रृंगार 17-08-2026 (तृतीय सोमवार): अर्धनारीश्वर श्रृंगार 24-08-2026 (चतुर्थ सोमवार): रुद्राक्ष श्रृंगार 27-08-2026 (पूर्णिमा): झूला श्रृंगार अंत में 28-08-2026 (रक्षाबंधन पर्व) सामान्य दर्शन।
3- दर्शन व्यवस्था समस्त दर्शनार्थियों को अवगत कराया जाता है कि संपूर्ण श्रावण मास में विशेष मांग (प्रोटोकॉल) के दर्शन पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाया गया है। इस हेतु किसी भी प्रकार की विशेष दर्शन हेतु अपील स्वीकार्य नहीं होगी। कृपया किसी भी प्रकार के प्रलोभन अथवा बहकावे में न आएं। विशिष्ट जनों से अनुरोध है कि कोई प्रोटोकॉल अनुरोध न भेजें। ऐसे किसी भी अनुरोध को स्वीकार करना संभव नहीं होगा। श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि दर्शन हेतु कतार का ही प्रयोग करें। किसी भी प्रकार के दलालों के झांसे में न आएं। विगत वर्ष की अधिकतम भीड़ को देखते हुए मंदिर न्यास श्रद्धालुओं से अपील करता है कि दर्शन अवधि लंबी होने के कारण सभी श्रद्धालु खाली पेट कतार में न लगें, अन्यथा स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। यदि कोई व्यक्ति विशेष दर्शन के नाम पर धन मांगता है अथवा अपनी दुकान से प्रसाद लेने पर दर्शन में सहायता का दावा करता है, तो वह आपको ठगने का प्रयास कर रहा है। कृपया तत्काल निकटतम पुलिस या मंदिर कर्मी को सूचित करें।
4- निषिद्ध वस्तुएं श्रावण मास में श्री काशी विश्वनाथ धाम में बैग, मोबाइल, पेन, धातु की वस्तुएं इत्यादि के साथ प्रवेश संभव नहीं होगा। कृपया श्रद्धालुजन यह वस्तुएं अपने घर, होटल, धर्मशाला या अन्य ठहरने के स्थान पर छोड़कर ही आएं। अत्यधिक भीड़ के कारण धाम में स्थापित निःशुल्क बैगेज काउंटर संचालित नहीं होंगे।
5- चिकित्सकीय सुविधा धाम में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर चिकित्सकीय टीम की तैनाती की जाएगी। साथ ही मंदिर की एंबुलेंस कार्यरत रहेंगी।
6- सुरक्षा व्यवस्था एवं खोया-पाया केंद्र अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए धाम में छह स्थानों पर खोया-पाया केंद्र की स्थापना की जाएगी:
मंदिर प्रांगण
शंकराचार्य चौक
गेट नं. 01 (गंगा निकास द्वार)
गेट नं. 02 (सरस्वती फाटक)
गेट नं. 04 (मुख्य प्रवेश मार्ग)
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर घाट
इन केंद्रों पर भीड़ में अपने परिवार से बिछड़े लोग सहायता प्राप्त कर सकेंगे। सुरक्षा बल के अतिरिक्त सहायता कर्मी भी तैनात रहेंगे।
7- निःशुल्क गोल्फ कार्ट संचालन धाम में दर्शन हेतु आने वाले वृद्ध, अशक्त, दिव्यांगजन एवं बच्चों के लिए गोदोलिया से मैदागिन तक निःशुल्क गोल्फ कार्ट का संचालन किया जाएगा, जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
8- जलपान एवं अन्य सुविधा समय-समय पर ग्लूकोज़ / ओआरएस घोल, सूक्ष्म जलपान, बिस्किट, टॉफी, चॉकलेट आदि का वितरण किया जाएगा, जिससे वृद्ध एवं बालक आवश्यकता पड़ने पर इसका लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त पेयजल काउंटर और गुड़ की व्यवस्था भी समुचित रूप से की जाएगी।
9- सूचना प्रणाली व्यवस्था प्रबंधन हेतु सम्पूर्ण धाम तथा गौदोलिया से मैदागिन तक केंद्रीयकृत लोक सूचना प्रणाली (PA सिस्टम) की व्यवस्था रहेगी।
10-ऑनलाइन दर्शन सुविधा गत वर्ष की भांति, वृद्धजन, निशक्तजन, दिव्यांगजन, एवं अत्यधिक भीड़ के कारण भौतिक रूप से दर्शन से वंचित रह जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी भगवान के दर्शन की ऑनलाइन स्ट्रीमिंग की जाएगी।

