जाट महासभा ने रामअवतार पलसानिया के बयान को बताया अमर्यादित
3 अप्रैल, 2026 जयपुर। राजस्थान जाट महासभा द्वारा आज पिंकसिटी प्रेस क्लब में एक विशेष प्रेसवार्ता आयोजित की गई। इस प्रेसवार्ता में पिछले दिनों अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद के संस्थापक अध्यक्ष रामअवतार पलसानिया द्वारा किसानो के मसीहा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी के संदर्भ में अमर्यादित टिप्पणी की गई थी। जिसका राजस्थान जाट महासभा पुरजोर विरोध करती है।
राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश सचिव कृष्ण कुमार जानू ने बताया कि ये विवाद मेरठ में महाराजा सूरजमल के प्रतिमा अनावरण पर अंतर्राष्ट्रीय जाट संसद द्वारा आयोजित कार्यक्रम का है। जहाँ आयोजनकर्ता रामावतार पलसानिया द्वारा भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी पर विवादित और आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर है। इस अमर्यादित टिप्पणी पर संज्ञान लेते हुए रामावतार पलसानिया पर उत्तर प्रदेश में करीब 8 एफआईआर पंजीकृत हो चुकी है और अब राजस्थान में भी जाट महासभा उनके द्वारा भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी पर दिए गए विवादित बयान पर संज्ञान लेते हुए उन पर कानूनी कार्रवाई करेगी।
राष्ट्रीय लोकदल पूर्व प्रदेश महासचिव एवं राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश सचिव राजपाल चौधरी ने बताया कि हम इस बयान की घोर निंदा करते हैं। भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी किसानो के मसीहा, जातपात से ऊपर, सादा जीवन-उच्च विचार रखने वाले महापुरुष थे और वे हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत एवं ईश्वर तुल्य थे। उन्होंने अपने जीवन में किसानो का बहुत सम्मान और उद्धार किया है। रामावतार पलसानिया ने उनके ऊपर जो भी टिप्पणी की है उसको जाट समाज कभी स्वीकार नहीं करेगा और उस व्यक्ति पर अतिशीघ्र कानूनी कार्यवाही की जाएगी और फिर से ऐसे बयान देने वालो का सार्वजनिक बहिष्कार किया जाएगा।
इस दौरान राजस्थान जाट महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिशराम कटेवा भी उपस्थित रहे।

