Sunday, July 19, 2026
Rajasthan

फोर्टिस में हुआ ‘श्रीमद्भगवद्गीता का दर्शन’ पर संवाद कार्यक्रम

18 जुलाई, 2026 जयपुर। फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हॉस्पिटल एवं विद्या निकेतन एजुकेशन सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में “श्रीमद्भगवद्गीता का दर्शन” संवाद कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में लगभग 70 प्रबुद्धजनों, साहित्यकारों, शिक्षाविदों एवं श्रद्धालु श्रोतागण ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर गीता के जीवनोपयोगी संदेशों पर सार्थक विचार-विमर्श किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य निर्वाचन आयुक्त, राजस्थान राजेश्वर सिंह (पूर्व आईएएस) ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के सिद्धांतों को वर्तमान सामाजिक एवं प्रशासनिक जीवन में अत्यंत प्रासंगिक बताते हुए नैतिक मूल्यों के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट एवं मूवमेंट डिसऑर्डर विशेषज्ञ डॉ. ईशु गोयल ने स्वास्थ्य चर्चा के दौरान मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के संतुलन में सकारात्मक सोच, तनाव प्रबंधन तथा गीता के संदेशों की उपयोगिता पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम में वक्ता के रूप में रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय से शास्त्री कौशलेंद्र दास एवं प्रो. शंभु कुमार झा ने श्रीमद्भगवद्गीता के दार्शनिक, आध्यात्मिक एवं व्यावहारिक पक्षों पर प्रेरक व्याख्यान दिए। उपस्थित साहित्यकारों एवं श्रोताओं ने भी संवाद में सक्रिय सहभागिता करते हुए विचारों का आदान-प्रदान किया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं सफल संचालन प्रो. सुधीर सोनी ने प्रभावी ढंग से किया। अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम के उपरांत सहभोज का आयोजन भी हुआ।

यह आयोजन साहित्य, दर्शन, अध्यात्म एवं स्वास्थ्य के समन्वय का एक सफल प्रयास रहा, जिसे उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *