नराकास ने उत्कृष्ट कार्य हेतु पीआईबी, जयपुर को ‘वैजयंती राजभाषा शील्ड’ से किया सम्मानित
25 अगस्त, 2026 जयपुर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), जयपुर की छमाही समीक्षा बैठक उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। वर्ष में दो बार आयोजित होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक का मुख्य उद्देश्य जयपुर स्थित केंद्रीय कार्यालयों में राजभाषा के प्रचार-प्रसार की समीक्षा करना और अधिकारियों व कर्मचारियों को अपने दैनिक सरकारी कार्य अधिक से अधिक हिंदी में करने के लिए प्रेरित करना है।
इस बैठक के दौरान पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर को शासकीय कार्यों में हिंदी भाषा के उत्कृष्ट और सराहनीय क्रियान्वयन के लिए नराकास द्वारा प्रतिष्ठित ‘वैजयंती राजभाषा शील्ड’ एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समिति के अध्यक्ष एवं उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक की उपस्थिति में आयोजित इस समारोह में पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर की ओर से सहायक निदेशक अमित कनौजिया ने यह गौरवपूर्ण सम्मान प्राप्त किया। कार्यालय को यह पुरस्कार प्रशासनिक कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने और इसकी संवैधानिक प्रतिबद्धताओं को सफलतापूर्वक निभाने के लिए दिया गया है।
इस अवसर पर राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी), जयपुर के प्रदर्शनी सहायक अभिषेक सहाय को द्वितीय स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। अभिषेक सहाय को दो हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए महाप्रबंधक ने सभी सदस्य कार्यालयों को सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को और अधिक सरल, सहज तथा सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

