कालका–शिमला ट्रेक अवरोधित होने पर यात्रियों हेतु रेलवे ने किए विशेष प्रबंध
19 अगस्त, 2026 अंबाला। कालका–शिमला रेलखंड पर गुम्मन–कोटी स्टेशनों के मध्य लगभग 15:15 बजे पहाड़ी से मलबा आने की सूचना प्राप्त हुई। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन संख्या 52458 कालका–शिमला एक्सप्रेस को 15:28 बजे से कोटी स्टेशन पर विनियमित किया गया।
ट्रेन में लगभग 172 यात्री सवार थे, रेलवे द्वारा ट्रैक से मलबा हटाने एवं रेल यातायात को सुचारु करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया गया। यात्रियों की सुविधा और उनके आगे के सफर को सुगम बनाने के लिए रेलवे द्वारा सड़क मार्ग से यात्रियों को कालका स्टेशन पहुंचाने की व्यवस्था की गई। लगातार हो रही बारिश के कारण कालका एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क यातायात काफी अधिक होने के बावजूद, रेलवे ने स्थानीय सेना (ARMY) अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर तीन सेना वाहनों की व्यवस्था की।
सेना के वाहन लगभग 18:10 बजे कोटी स्टेशन पहुंचे। यात्रियों आगे के गंतव्य एवं कनेक्टिंग ट्रेनों को ध्यान में रखते हुए यात्रियों को सेना के वाहनों द्वारा सुरक्षित रूप से कोटी से कालका रेलवे स्टेशन पहुंचाया गया जहां वे लगभग 19:20 बजे पहुंचे।
कालका स्टेशन पर यात्रियों के लिए पीने के पानी एवं जलपान की व्यवस्था भी की गई। रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित आवाजाही के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की गई।
यात्रियों की सहायता हेतु समय पर सहयोग एवं समन्वय प्रदान करने के लिए रेलवे द्वारा स्थानीय सेना अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है तथा प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में भी रेल सेवाओं के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए निरंतर निगरानी एवं आवश्यक कदम सुनिश्चित कर रहा है।

