थल सेनाध्यक्ष जनरल धीरज सेठ ने राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से की मुलाकात
11 अगस्त, 2026 चंडीगढ़। थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल धीरज सेठ, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम ने पंजाब लोक भवन, चंडीगढ़ में पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की।
मुलाकात के दौरान नागरिक-सैन्य समन्वय और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर पश्चिमी कमान के आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल पुष्पेंद्र सिंह, एवीएसएम, एसएम तथा सेना मुख्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

भारतीय सेना की कमान संभालने के बाद थल सेनाध्यक्ष की राज्यपाल के साथ यह पहली मुलाकात थी। यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण रही क्योंकि पंजाब के राज्यपाल केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक भी हैं।
जनरल धीरज सेठ ने राज्यपाल को राष्ट्र निर्माण के प्रति भारतीय सेना के दृढ़ संकल्प और प्रतिबद्धता से अवगत कराया तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण को बढ़ावा देने वाली राज्य सरकार की नीतियों के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने राज्यपाल को आंतरिक सुरक्षा से संबंधित नवीनतम घटनाक्रम, सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं तथा पूर्व सैनिकों के कल्याण से जुड़े विषयों की भी जानकारी दी।
कर्नल जसदीप संधू, सलाहकार, नागरिक-सैन्य मामलों के अनुसार, इस बैठक से क्षेत्र में नागरिक-सैन्य समन्वय और अधिक मजबूत हुआ तथा आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने, सीमाओं पर शांति बनाए रखने, प्राकृतिक आपदाओं एवं बाहरी खतरों का प्रभावी ढंग से सामना करने और अन्य संकटों के लिए तत्परता बनाए रखने की दिशा में आपसी विश्वास और भरोसा और सुदृढ़ हुआ।

