राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ELC अधिकारियों एवं प्राचार्यों संग किया संवाद
11 अगस्त, 2026 जयपुर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शासन सचिवालय स्थित एनआईसी मीटिंग हॉल से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राजस्थान के निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) अधिकारियों एवं महाविद्यालय प्राचार्यों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम में युवा मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने, मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महाविद्यालय स्तर पर निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में ‘एक राज्य-एक चुनाव’, युवा मतदाता तथा निर्वाचन साक्षरता क्लब की भूमिका से संबंधित प्रस्तुतियां भी दी गईं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत नागरिक की आवाज है और युवाओं की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाती है। उन्होंने युवा मतदाताओं से मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने, सही एवं तथ्यपरक जानकारी के आधार पर मतदान का निर्णय लेने तथा अफवाह, प्रलोभन और दबाव से दूर रहकर अपने मताधिकार का विवेकपूर्ण उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने युवा मतदाताओं को अपने साथ-साथ परिवार एवं समुदाय के अन्य लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) को ‘कॉलेज से लोकतंत्र की प्रयोगशाला तक’ की अवधारणा के साथ प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। अधिकारियों एवं प्राचार्यों को महाविद्यालयों में मतदाता पंजीकरण, मतदान एवं निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ मॉक पोल, भूमिका-अभिनय, क्विज एवं अन्य सहभागी गतिविधियां आयोजित करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, अफवाह एवं भ्रामक जानकारी के स्थान पर तथ्यपरक जानकारी उपलब्ध कराने तथा युवाओं के साथ संवाद के माध्यम से उनके प्रश्नों और जिज्ञासाओं का समाधान करने की आवश्यकता बताई गई।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सिंह ने संवाद के दौरान महाविद्यालय स्तर पर निबंध प्रतियोगिता, कविता पाठ, पोस्टर एवं रंगोली प्रतियोगिता, स्लोगन प्रतियोगिता तथा मतदाता जागरूकता रैली जैसी गतिविधियों के आयोजन पर भी जोर दिया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस सहित अन्य अवसरों पर मतदाता जागरूकता से संबंधित नुक्कड़ नाटक एवं मतदान गीत जैसी रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं और आमजन तक मतदान का संदेश पहुंचाने पर का भी आह्वान किया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि राजस्थान का पंचायती राज व्यवस्था के क्षेत्र में गौरवशाली इतिहास रहा है। देश में पंचायती राज की शुरुआत राजस्थान से ही हुई थी और अब ‘वन स्टेट-वन इलेक्शन’ की पहल का सौभाग्य भी राजस्थान को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं में एक साथ चुनाव कराने का यह निर्णय निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक सरल, प्रभावी और पारदर्शी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता, संसाधनों का बेहतर उपयोग और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी।
उन्होंने ‘एक राज्य-एक चुनाव’ की अवधारणा और सभी नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं में एक साथ चुनाव कराने के निर्णय से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। इसके प्रमुख उद्देश्यों में राजनीतिक स्थिरता एवं प्रशासनिक कार्यों में निरंतरता, चुनावों के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करना, आर्थिक बचत एवं संसाधनों का बेहतर उपयोग तथा विकास योजनाओं की गति में सुधार शामिल हैं।
राज्य निर्वाचन आयुक्त ने ईएलसी अधिकारियों एवं युवा मतदाताओं से महाविद्यालयों में आयोजित सार्थक निर्वाचन साक्षरता गतिविधियों के फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने तथा आयोग के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल्स को टैग करने की अपील की। इससे निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों का संदेश अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाया जा सकेगा। सभी ईएलसी क्लब अधिकारियों एवं प्राचार्यों के साथ क्यूआर कोड साझा किया गया जिसमें राज्य निर्वाचन आयोग के सभी सोशल मीडिया हैंडल्स का लिंक है।
वीसी में विभिन्न जिलों से जुड़े स्वीप नोडल अधिकारी, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, महाविद्यालय प्राचार्य एवं ईएलसी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में युवाओं को जागरूक मतदाता बनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया।

