मंत्री अविनाश गहलोत से मिला उत्तराखंड सरकार का प्रतिनिधिमंडल
29 जून, 2026 जयपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने अम्बेडकर भवन स्थित सभागार में उत्तराखंड सरकार के समाज कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण, छात्र कल्याण एवं भाषा मंत्री खजान दास तथा उनके नेतृत्व में आए उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत कर राजस्थान सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।
मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संवेदनशील नेतृत्व में विभाग द्वारा कल्याणकारी योजनाओं द्वारा पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित किया जा रहा है। इस दौरान सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का पॉवर पॉइंट प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) के माध्यम से विस्तारपूर्वक अवलोकन कराया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को अनुप्रति योजना, मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, नवजीवन योजना, पालनहार योजना, घुमंतु, अर्द्धघुमंतु एवं विमुक्त समुदाय के कल्याणार्थ संचालित योजनाओं तथा अनुसूचित जाति जनजाति विकास निगम की विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई।
उत्तराखंड के भाषा मंत्री खजान दास एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने इन योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रक्रिया, नीति एवं दिशा-निर्देश, मैमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू), बजट घोषणाओं, भौतिक एवं वित्तीय प्रगति तथा प्रभावी क्रियान्वयन के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रतिनिधिमंडल को उपलब्ध कराए गए।
बैठक में उत्तराखंड सरकार के अतिरिक्त सचिव प्रकाश चन्द्र (आईएएस), निदेशक ललित कुमार, महाप्रबंधक ओम प्रकाश मीणा, अतिरिक्त निदेशक (सतर्कता एवं प्रशासन) पंकज ओझा, अतिरिक्त निदेशक श्रीमती रीना शर्मा, अतिरिक्त निदेशक अशोक कुमार, संयुक्त निदेशक सुवालाल पहाड़िया तथा विभाग के समस्त योजना प्रभारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने तथा आवश्यक दस्तावेज साझा किए जाने पर आभार व्यक्त किया।

