Monday, September 28, 2026
Rajasthan

15 प्रसिद्ध चिकित्सकों को मिला “चिकित्सा गौरव सम्मान”

27 सितंबर, 2026 जयपुर। स्व० देवी नारायण पटवारी मेमोरियल ट्रस्ट, जयपुर के तत्वावधान में “चिकित्सा गौरव सम्मान-2026 समारोह आयोजित किया गया। समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 15 वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित चिकित्सकों को स्मृति चिह्न, शॉल एवं राजस्थानी साफा पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही आयोजक द्वारा पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रजाधिकार संदेश मीडिया ग्रुप के प्रधान संपादक कृष्ण गोपाल शर्मा एवं दैनिक समाचार पत्र के संपादक विजय केडिया का स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट करके सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस अधिकारी टीकमचंद बोहरा एवं राजस्थान पुलिस के डीआईजी दौलतराम अटल रहे। अतिथियों ने चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। चिकित्सक अपनी सेवा, समर्पण एवं मानवीय संवेदनाओं के माध्यम से समाज के स्वस्थ एवं सशक्त निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने चिकित्सकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सेवाभावी कार्यों की प्रशंसा की।

समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों का सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले चिकित्सकों में डॉ. एस.एस. सांखला, डॉ. श्याम सुंदर शर्मा, डॉ. एस.पी. अग्निहोत्री, डॉ. सुरेश चंद्र बोहरा, डॉ. माया हाड़ा, डॉ. जीवन कांकरिया, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. जितेंद्र पहलाजानी, डॉ. कपिल देव, डॉ. आशीष जांगिड़, डॉ. रजनीश शर्मा, डॉ. अर्चना मीणा एवं डॉ. प्रकृति बोहरा व श्रेष्ठ नर्सिंग सेवाओं के लिए माला रोहित कृष्णानंदन व ऊगम कंवर को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रक्तदान के माध्यम से समाजसेवा, मानवता एवं जनकल्याण का संदेश दिया गया। शिविर ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आमजन को रक्तदान के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का संचालन जयपाल सिंह मंडोता ने किया। समारोह के समन्वयक दिनकर सारस्वत एवं चंद्रप्रकाश गुप्ता रहे। ट्रस्ट के संयोजक रामदास पटवारी ने अतिथियों, सम्मानित चिकित्सकों, मीडिया कर्मियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का आभार व्यक्त किया।