मुख्य सचिव ने लिया स्टेडियम का जायजा
23 फ़रवरी, 2026 जयपुर। प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने सवाई मानसिंह स्टेडियम का जायजा लिया। उन्होंने स्टेडियम के सभी स्टैंड्स का अवलोकन किया और अतिरिक्त मुख्य सचिव पीडब्ल्यूडी प्रवीण गुप्ता और शासन सचिव, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा अध्यक्ष, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद डॉ. नीरज कुमार पवन से स्टेडियम में आवश्यक नवीनीकरण कार्य की जानकारी ली। इस दौरान राजस्थान रॉयल्स के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना भी मौजूद थे।
डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि आईपीएल मैचों के आयोजन से पहले सिविल, वाटर और इलेक्ट्रिक वर्क, नई लिफ्ट लगाने, वीआईपी साउथ स्टेंड्स के साथ नॉर्थ और अन्य स्टेंड्स के वॉशरूम का अपग्रेडेशन, कंटीले तारों को हटाकर नई जालियां लगाने तथा दर्शकों को सुविधा और सुरक्षा की दृष्टि से सभी आवश्यक कार्य पूरे किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि स्टेडियम को आईपीएल मानकों के अनुरूप बनाने के लिए कई बड़े बदलाव किए जाएंगे। सुरक्षा की दृष्टि से सबसे ज्यादा ध्यान स्टेडियम की मजबूती और फायर सेफ्टी पर दिया जा रहा है। सवाई मान सिंह स्टेडियम को आईपीएल मानकों के अनुरूप तैयार कराने का काम सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को सौंपा गया है।
डॉ. नीरज कुमार पवन ने बताया कि जयपुर में आईपीएल मैचों के लिए तैयारियां शुरू हो गई हैं। स्टेडियम में काफी सुधारात्मक कदम आठाए जाएंगे। पीडब्ल्यूडी की टीम स्टेडियम में सभी तरह के अपग्रेडेशन के कार्यों को समय पर पूरा कर स्टेडियम को मैचों के आयोजन के लिए तैयार कर देगी। दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि दर्शक आरामदायक और सुविधाजनक माहौल में मैचों का आनन्द लें।

