Thursday, July 16, 2026
Uttar Pradesh

बसपा छोड़कर समर्थकों के साथ जयविंद ने पकड़ा कांग्रेस का हाथ

13 जुलाई, 2026 लखनऊ। कांग्रेस पार्टी की नीतियों में आस्था एवं कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व मल्लिकार्जुन खड़गे, श्रीमती सोनिया गांधी, राहुल गांधी, श्रीमती प्रियंका गांधी के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए जनपद उन्नाव की भगवन्त नगर विधानसभा क्षेत्र से पूर्व विधायक एवं राज्यमंत्री स्व0 नत्थू सिंह के पुत्र जयविन्द ने अपने सैंकड़ों समर्थकों के साथ सीतापुर से सांसद राकेश राठौर के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के समक्ष कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कांग्रेस पार्टी के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा ने जयविन्द सहित उनके सैंकड़ों समर्थकों को कांग्रेस पार्टी की विधिवत सदस्यता दिलायी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने जयविंद और उनके समर्थकों का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार में लगातार नए लोगों के जुड़ने से संगठन को मजबूती मिल रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जयविंद और उनके सहयोगी उन्नाव में पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होने कहा कि भाजपा ने देश भर में राम के नाम को बेंचा है। राम के नाम पर तमाम राज्यों में सरकार बनाई। अयोध्या में राम के नाम पर पहले चंदा चोरी किया, फिर जमीन की खरीद में घोटाला किया और अब भगवान राम के मंदिर में चढ़ावा चोरी किया। ऐसे लोगों को उ0प्र0 और देश से खदेड़ने का काम करना है। पेट्रोल में एथेनाल मिलाकर बेंचने का काम भाजपा कर रही हैं इससे गाड़ियां खराब हो रही हैं उससे इनका कोई लेना देना नहीं है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के परिवार के लोग एथेनाल उत्पादन से जुड़े हैं इसलिए पेट्रोल में उसे मिलाने का निर्णय लेकर उन्हें लाभ पहुंचाने का काम किया जा रहा है। भाजपा के लोग जब राम के नहीं हुए तो आम जनता के नहीं होने वाले हैं, इन्हें सत्ता से हटाकर आम जनता को राहत दिलाने का काम कांग्रेस पार्टी करेगी। उन्होने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश के जनपदों से लोग कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं उससे पार्टी को मजबूती मिल रही है।

कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद जयविंद ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस की विचारधारा और संविधान की रक्षा के संकल्प से प्रेरित होकर कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। उन्होंने कहा कि पूर देश में आज राहुल गांधी ही भाजपा जैसी संविधान विरोधी, लोकतंत्र विरोधी और जनविरोधी सरकार से लड़ रहे हैं, आम जनता की आवाज उठा रहे हैं। देश के लोकतंत्र, संविधान और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष निरंतर जारी है। उ0प्र0 कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय पूरे प्रदेश में जनता की आवाज बन रहे हैं। प्रदेश के किसी भी कोने में कोई भी घटना होती है तुरन्त वहां पहुंचकर पीड़ितों के साथ खड़े होते हैं। इसी सोच से प्रेरित होकर मैं अपने सैकड़ों साथियों के साथ कांग्रेस परिवार में शामिल हुआ हूं। उन्होने कहा कि वह जीवन पर्यन्त कांग्रेस पार्टी में रहकर जनता की सेवा करते रहेंगे।

सीतापुर से सांसद राकेश राठौर ने भी उन्नाव से आये सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों पर संघर्ष करने वाली पार्टी है और नए साथियों के जुड़ने से संगठन की ताकत और बढ़ेगी। जिस प्रकार हर जिले से मजबूत लोग पार्टी में शामिल हो रहे हैं उससे यह साबित हो गया है कि आने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनेगी।

सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम में जयविन्द के साथ आये उनके सैंकड़ों समर्थकों ने भी कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर उन्नाव के पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष सिंह, सलमान बशर, एच.एल. दुसाध, सुरेन्द्र यादव, पुष्पेन्द्र सिंह, पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव आदि वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।