Thursday, August 6, 2026
Rajasthan

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने की आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा

6 अगस्त, 2026 जयपुर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने शासन सचिवालय स्थित सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी जिला निर्वाचन अधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं निर्वाचन कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण, भयमुक्त एवं प्रलोभन-मुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए आयोग के दिशा-निर्देशों एवं विधिक प्रावधानों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूचियों को अद्यतन करने, मतदान केन्द्रों की स्थापना, मतदान दलों के गठन, कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा अन्य सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्रों की पहचान कर वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के पश्चात उसकी प्रभावी पालना सुनिश्चित की जाए तथा मतदाताओं को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने निर्वाचन संबंधी शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण करने तथा प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मतदान केन्द्रों पर पेयजल, बिजली, छाया, शौचालय, रैंप, व्हीलचेयर सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य पात्र मतदाताओं के लिए निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुरूप विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों से निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने, सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा प्रत्येक गतिविधि की नियमित समीक्षा करते हुए किसी भी प्रकार की कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता का विषय है और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करे।

बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राजेश वर्मा ने आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से जिला कलेक्टरों को निर्वाचन कार्यक्रम के विभिन्न चरणों, समयबद्ध कार्ययोजना तथा आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रियाओं एवं दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी।

सचिव वर्मा ने मतदाता सूची को अद्यतन करने, मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं, कार्मिकों के प्रशिक्षण, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, कानून-व्यवस्था, आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना, शिकायतों के त्वरित निस्तारण, सूचना प्रौद्योगिकी आधारित व्यवस्थाओं तथा निर्वाचन संबंधी मॉनिटरिंग तंत्र पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सभी जिला कलेक्टरों से निर्धारित समय-सीमा में सभी तैयारियां पूर्ण करने तथा आयोग के निर्देशों का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। प्रस्तुतीकरण के दौरान जिला कलेक्टरों एवं अधिकारियों की ओर से पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान करते हुए निर्वाचन संबंधी प्रक्रियाओं एवं दायित्वों पर आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिलों में निर्वाचन तैयारियों की प्रगति से राज्य निर्वाचन आयुक्त को अवगत कराया। उन्होंने मतदाता सूची, मतदान केन्द्रों, कार्मिकों की उपलब्धता, कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी प्रस्तुत करते हुए तैयारियों से संबंधित व्यावहारिक एवं प्रशासनिक चुनौतियों से भी अवगत कराया। इस पर राज्य निर्वाचन आयुक्त ने अधिकारियों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा सभी लंबित विषयों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *