Friday, July 31, 2026
Uttar Pradesh

श्रावण मास पर काशी में उमड़ा आस्था का महाकुंभ, मंदिर प्रशासन ने की व्यापक व्यवस्था

30 जुलाई, 2026 वाराणसी। श्रावण माह-2026 के प्रथम दिवस पर भगवान श्री काशी विश्वनाथ के पावन दर्शन एवं जलाभिषेक हेतु बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे। प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन हो रहा है तथा सभी श्रद्धालु सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से बाबा श्री विश्वेश्वर के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा धाम परिसर एवं आसपास के समस्त क्षेत्रों में व्यापक एवं समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं है। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रवेश एवं निकास मार्गों पर प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती सुनिश्चित की गई है तथा श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सहज दर्शन उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक प्रबंध किए गए है।

श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य एवं आपातकालीन आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए धाम परिसर में चिकित्सकीय सुविधा, एम्बुलेंस, प्राथमिक उपचार, चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओ.आर.एस., विश्राम एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

श्रावण माह में संभावित अत्यधिक श्रद्धालु संख्या को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं समन्वय के साथ व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है। धाम में स्थापित नियंत्रण कक्ष के माध्यम से समस्त व्यवस्थाओं पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा आवश्यकता अनुसार त्वरित निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास श्रद्धालुओं से अपील करता है कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें तथा अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने में सहयोग प्रदान करें। मंदिर प्रशासन श्रावण माह के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दिव्य दर्शन अनुभव उपलब्ध कराने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।