द गौड़ फाउंडेशन एवं IMA के संयुक्त तत्वावधान में निःशुल्क हेल्थ कैंप का हुआ आयोजन
26 जुलाई, 2026 कानपुर। द गौड़ फाउंडेशन एवं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के संयुक्त तत्वावधान में IMA हॉल, परेड में निःशुल्क मेडिकल हेल्थ चेक-अप एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य एवं अत्यंत सफल आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. एस. के. कटियार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। संस्था के संरक्षक विजय पांडेय ने मुख्य अतिथि का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. कटियार ने अपने उद्बोधन में कहा कि नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तदान एवं जनसेवा को समाज के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए द गौड़ फाउंडेशन एवं IMA की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। इस अवसर पर तिरंगा अगरबत्ती ग्रुप के एमडी नरेन्द्र शर्मा ने भी स्वैच्छिक रक्तदान करके समाज के लोगो को प्रेरित किया ।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में डॉ. रीता मित्तल, डॉ. अनुराग मेहरोत्रा, डॉ. सौरभ चावला, डॉ. बृजेन्द्र शुक्ला एवं डॉ. क्षमा शुक्ला ने क्रमशः सर्वाइकल कैंसर, स्वस्थ जीवनशैली, हड्डियों के स्वास्थ्य, सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता एवं महिलाओं के स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान देकर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। इसके उपरांत आयोजित द्वितीय सत्र में ओपीडी में डॉ. अमित गुप्ता, डॉ. विशाल अग्रवाल, डॉ. ए.सी. अग्रवाल एवं डॉ. गौरव दुबे सहित सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन प्रदान किया। शिविर में 250 से अधिक लोगों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं ओपीडी सेवाओं का लाभ उठाया।
साथ ही पालीवाल डायग्नोस्टिक की टीम द्वारा हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल एवं थायरॉइड की बेसिक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। आवश्यकता अनुसार लाभार्थियों को निःशुल्क रीडिंग ग्लासेस भी वितरित किए गए।
रक्तदान शिविर में युवाओं एवं समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिसके परिणामस्वरूप 45 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय संचालन सुनील शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।
कार्यक्रम की सफलता में संस्था के CWC अध्यक्ष कुलदीप गौड़, अध्यक्ष रमेश शर्मा, सिद्धार्थ स्वामी, राजेश गौड़, राजेन्द्र निर्मल, अमिताभ शर्मा, चंदन शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, सुनील गौड़, अमित गौड़, मनोज गौड़ सहित फाउंडेशन एवं IMA के सभी पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का उल्लेखनीय योगदान रहा।
कार्यक्रम के समापन पर सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों का सम्मान किया गया। अध्यक्ष रमेश शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में सामूहिक छायाचित्र के उपरांत सभी अतिथियों एवं चिकित्सकों के लिए लंच की व्यवस्था की गई।

