Monday, February 9, 2026
BusinessRajasthan

राज्यपाल की उपस्थिति में इंडिया स्टोनमार्ट 2026 का हुआ भव्य समापन

8 फरवरी, 2026 जयपुर। सीडॉस, लघु उद्योग भारती और रीको के संयुक्त तत्वावधान में जयपुर के जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (जेईसीसी), सीतापुरा में आयोजित चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी इंडिया स्टोन मार्ट 2026 प्रदर्शनी का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, एसीएस उद्योग शिखर अग्रवाल और रीको एमडी शिवांगी स्वर्णकार, कार्यक्रम संयोजक नटवर लाल अजमेरा, राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव लघु उद्योग भारती नरेश पारीक भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष एवं उद्योग राज्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और देश-विदेश से आए प्रदर्शकों द्वारा प्रस्तुत नवीन तकनीकों, आधुनिक मशीनरी, स्टोन उत्पादों एवं नवाचारों की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल द्वारा विभिन्न श्रेणियों में कुल 36 श्रेष्ठ स्टॉलों, हस्तशिल्प कलाकारों और संस्थानों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

श्रेष्ठ स्टॉल पुरस्कार की श्रेणी में प्रमुख विजेता के रूप में पुरस्कार वितरण समारोह में ‘श्रेष्ठ ओवर ऑल डिस्प्ले’ के लिए सुजुकी इंडिया को सम्मानित किया गया।

इनडोर स्टोन डिस्प्ले श्रेणी में आरएसजी स्टोन एवं एयूएम इंडस्ट्री, जबकि स्टोन आर्ट प्रोडक्ट्स श्रेणी में इंडिया स्टोन आर्ट्स और मित्तल आर्ट एंड एक्सपोर्ट को पुरस्कार प्रदान किए गए। मशीनरी श्रेणी में कर्म मशीन टूल्स प्राइवेट लिमिटेड एवं श्री भगवती मशीन्स को सम्मान मिला।

आउटडोर श्रेणी में स्पिनिंग रॉक एलएलपी (गर्नोव) और जे.बी इंटरनेशनल को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। विदेशी प्रदर्शकों में रेसा मेडेनसिलिक (तुर्की) एवं मार्ग्राफ एसपीए, इटली को सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त शिल्पग्राम पवेलियन के अंतर्गत पारंपरिक एवं आधुनिक स्टोन हस्तशिल्प श्रेणी में नवीन शर्मा, राजेश कुमार शर्मा, गोपाली एवं बनवारी लाल सैनी सहित कई कलाकारों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

राज्य पवेलियन श्रेणी में गुजरात को प्रथम तथा ओडिशा को द्वितीय पुरस्कार मिला, वहीं सरकारी श्रेणी में डिपार्टमेंट ऑफ माइंस एंड पेट्रोलियम, गवमेंट ऑफ राजस्थान को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने अपने संबोधन में कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 जैसे आयोजन राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री को वैश्विक मंच प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राजस्थान, नवाचार, तकनीक और सस्टेनेबिलिटी के माध्यम से स्टोन सेक्टर में विश्व नेतृत्व की क्षमता रखता है। ऐसे आयोजन रोजगार सृजन और निर्यात को नई दिशा देते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 ने राजस्थान की औद्योगिक पहचान को वैश्विक स्तर पर और सुदृढ़ किया है। उन्होंने प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी उद्यमियों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना की।

उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री के.के. विश्नोई ने कहा कि राज्य सरकार स्टोन इंडस्ट्री को बढ़ावा देने के लिए नीति समर्थन, इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और निवेश प्रोत्साहन पर लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने इंडिया स्टोन मार्ट 2026 को उद्योग और सरकार के बीच सशक्त संवाद का मंच बताया।

लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जितेंद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच एमएसएमई और लघु उद्योगों के लिए नए बाजार, नई तकनीक और वैश्विक नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि स्टोन सेक्टर में लघु उद्योगों की भागीदारी भारत की आर्थिक मजबूती का आधार है।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव नरेश पारीक ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 ने छोटे उद्यमियों, निर्यातकों और स्टार्ट-अप्स को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई है।
समारोह में सीडॉस के उपाध्यक्ष दीपक अजमेरा एवं इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के संयोजक नटवर लाल अजमेरा भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहभागियों, सहयोगी संस्थाओं, प्रदर्शकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

समापन समारोह के अंत में सीडॉस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) मुकुल रस्तोगी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने माननीय राज्यपाल सहित सभी विशिष्ट अतिथियों, वक्ताओं, पुरस्कार विजेताओं, प्रदर्शकों, अंतरराष्ट्रीय सहभागियों, सहयोगी संस्थाओं, आयोजक टीम एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

सीईओ मुकुल रस्तोगी ने कहा कि इंडिया स्टोन मार्ट 2026 ने राजस्थान की स्टोन इंडस्ट्री की वैश्विक क्षमता को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया है और उद्योग, सरकार एवं उद्यमियों के बीच सहयोग को नई मजबूती दी है। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहभागियों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में इंडिया स्टोन मार्ट को और अधिक व्यापक एवं प्रभावशाली बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। धन्यवाद ज्ञापन के साथ ही इंडिया स्टोन मार्ट 2026 के समापन समारोह का औपचारिक समापन हुआ। उन्होंने कहा कि अभी से 2028 में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारी में जुट रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *