Monday, August 31, 2026
GujaratUttar Pradesh

DNH एवं DD मॉनसून फेस्टिवल-2026 में शामिल हुई राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

23 अगस्त, 2026 लखनऊ। दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव में आयोजित मॉनसून फेस्टिवल-2026 के अंतर्गत भव्य सांस्कृतिक परेड के आयोजन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित रहीं।

इस अवसर पर केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल, प्रशासक प्रफुल्ल पटेल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रशासक प्रफुल्ल पटेल ने राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मॉनसून फेस्टिवल के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विविध रंगों और परंपराओं से सजी मनोहारी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। समिधा द्वारा शिव तांडव थीम पर ड्रम परफॉर्मेंस, गुजराती गरबा नृत्य तथा छत्रपति शिवाजी महाराज की थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम स्थल को भारतीय संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्य अतिथि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मॉनसून फेस्टिवल के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव मॉनसून फेस्टिवल-2026 का हिस्सा बनना उनके लिए हर्ष और सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विविधता को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।

राज्यपाल पटेल ने संघ प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में हुए उल्लेखनीय विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि प्रशासक श्री प्रफुल्ल पटेल के सक्षम, दूरदर्शी एवं गतिशील नेतृत्व में संघ प्रदेश ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। आधारभूत संरचना, पर्यटन, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों में हुए विकास ने संघ प्रदेश को एक नई पहचान प्रदान की है। उन्होंने इस परिवर्तन के लिए संघ प्रदेश प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

तत्पश्चात राज्यपाल पटेल, प्रशासक प्रफुल्ल पटेल एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों ने भव्य सांस्कृतिक परेड को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। परेड में विभिन्न सांस्कृतिक दलों एवं समूहों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतिभागियों ने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत की ‘विविधता में एकता’ की भावना तथा समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि पर्यटन मंत्रालय तथा इनक्रेडिबल इंडिया के समन्वय से आयोजित मॉनसून फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ 22 अगस्त को हुआ है, जो 30 अगस्त 2026 तक चलेगा। फेस्टिवल के दौरान संस्कृति, संगीत, नृत्य, खान-पान, मनोरंजन एवं विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों के माध्यम से स्थानीय नागरिकों तथा देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए उत्सवपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

मॉनसून फेस्टिवल-2026 संघ प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, लोक परंपराओं, पर्यटन संभावनाओं और विकास यात्रा को एक साथ मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है, जो देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले पर्यटकों को दादरा एवं नगर हवेली तथा दमन एवं दीव की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।